कविता सोधन
एक मराठी लड़का, जिसने बहुत कम उम्र में ही क्रिकेट जगत में अपना परचम लहरा दिया और एक गुजराती लड़की जो कि पेशे से एक डॉक्टर हैं... वो अपने किसी दोस्त के जरिए मिले और उनमें प्यार हो गया और उन्होंने एक दूसरे से शादी करने की ठान ली। और आज वो क्रिकेट जगत की सबसे हसीन, लेकिन इसके धूम-धड़ाके से दूर एक पिक्चर परफेक्ट जोड़ी है। जी नहीं, ये कोई कहानी नहीं है। हम बात कर रहे हैं सचिन तेंदुलकर और उनकी पत्नी अंजलि की...
सचिन तेंदुलकर जो किसी भी पहचान के मोहताज नहीं है...उन्होंने सोलह साल की उम्र में क्रिकेट जगत में कदम रखा था फिर उसके बाद उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन कर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। ये तो थी उनके क्रिकेट जगत की बातें। अब हम आपको उनकी शादी के बारे में बताते हैं- सचिन की पत्नी एक गुजराती परिवार की हैं। ब्रिटिश मां और उद्योगपति अशोक महेता की बेटी हैं अंजलि। अंजलि उम्र में सचिन से चार साल बड़ी हैं लेकिन प्यार ने भला कब इन सीमाओं की परवाह की है। सचिन तो अंजलि में अपना सच्चा जीवन साथी दिख रहा था। फिर क्या था, उन्होंने अंजलि को प्रोपोज कर दिया । अंजलि भी सचिन के अंदाज से इतनी प्रभावित हुई कि वो उन्हें मना ही नहीं कर पाई और दोनों शादी के बंधन में बंध गए।
अंजलि जितनी अच्छी डॉक्टर हैं उतनी ही अच्छी पत्नी भी हैं। सचिन भी जितने अच्छे क्रिकेटर हैं, उससे कहीं अच्छे इंसान भी हैं। ये तो सभी जानते हैं, लेकिन जो बात हम नहीं जानते वो यह कि सचिन और अंजलि मिलकर 200 गरीब बच्चों को हर साल मदद करते हैं... मुंबई के एक एनजीओ अपनालय के जरिए, जिससे अंजलि की मां भी जुड़ी हुई हैं। हालांकि, यह जोड़ी अपने इन कामों के बारे में चर्चा नहीं करती, लेकिन सचिन हमेशा ही अपने बड़े दिल के लिए जाने जाते हैं, चाहे वो पडोसियों को चिट्ठी लिखकर माफी मांगने की बात हो या मसूरी में एक अपाहिज बच्चे को साइकिल देने की।
बहुत ही शांत व संगीतप्रिय यह जोड़ी अपनी प्राइवेसी को हर कीमत पर बनाए रखना चाहती है। अभी तक कोई भी पत्रकार अंजलि का इंटरव्यू लेने में सफल नहीं हो पाया है.. खबरों पर भरोसा करें तो इस जोड़ी को सिमी ग्रेवाल के शो पर भी बुलाया गया था लेकिन उन्होंने मना कर दिया क्योंकि वहां उनसे उनकी निजी जिंदगी के बारे में पूछा जाता। अगर अंजलि इसी तरह सचिन का साथ निभाती रहीं तो सचिन और भी बुलंदियों को छूएंगे। आखिर यह जोड़ी ही ऐसी है- जोड़ी नंबर वन।